मां की आंखों के सामने राख हुई दो बेटियां:घर में आग लगने से दो सगी बहने हुई जलकर राख; पुलिस वालों से बचाने की गुहार लगाई मगर जवानों की हिम्मत भी जवाब दे गई । ADHIKARO KI JUNG
उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 65 स्थित बहलाेलपुर में रविवार की दोपहर सैकड़ों झुग्गियां जलकर राख हो गई। इस अग्निकांड में दो सगी बहनें भी जिंदा जल गईं। उनके कंकाल और कुछ लोथड़े पुलिस ने बरामद किए हैं। यह नजारा जिसने भी देखा उसका कलेजा कांप उठा। दो बच्चियां हादसे के वक्त सो रही थीं। मां-बाप भी झोपड़ी में मौजूद नहीं थे। अब मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह उस मनहूस घड़ी को कोस रही है जब वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गई थी।
प्रशासन ने कहा- आग लगने के कारणों का पता नहीं चला
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना फेस थ्री क्षेत्र के बहलोलपुर शनि मंदिर के पास हजारों झुग्गी-झोपड़ियां हैं। झुग्गियों में प्लास्टिक की पन्नी, बोतलों आदि कबाड़ का काम करने वाले लोग रहते हैं। अधिकतर लोग बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे यहां 150 से अधिक झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर 17 से अधिक दमकल गाड़ियां पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के आग की भयंकर लपटों पर नियंत्रण पाया जा सका। हालांकि स्थानीय लोगों की मानें तो इस अग्निकांड में 500 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियां जली हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग अभी पूरी तरह से नहीं बुझी है। पूर्ण रूप से आग बुझाने के बाद दोबारा सर्च अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
मासूमों को सोने के चलते आग का नहीं चल पाया पता
नोएडा सेन्ट्रल जोन के DCP हरीश चंद्र ने बताया कि एक झुग्गी से दो बच्चियों के कंकाल बरामद किए गए हैं। आग लगने के समय बच्चियां शायद झुग्गी में सो रही होंगी। जिससे उन्हें आग का पता नहीं चल पाया। उन्होंने बताया कि कंकाल की शिनाख्त हो गई। इनकी पहचान पारो (2 साल) और डोली (6 साल) पुत्री श्रवण के रूप में हुई है। दोनों सगी बहने थीं। बरामद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मां की आंखों के सामने आग में जल गई दोनों बेटियां
मासूम पारो और डोली की मां सुलेखा घटना के समय बाहर कुछ काम से गई थी। कुछ देर बाद वह मौके पर पहुंची तो झुग्गी में आग लगी देख उसकी चीखें निकल गई। सुलेखा वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से बेटियों को बचाने की गुहार लगाती रही। लेकिन आग का विकराल रूप देखकर पुलिसकर्मियों की हिम्मत भी जवाब दे गई। बेटियों के पिता श्रवण ने बताया कि वह घटना के समय कबाड़ के काम से बाहर गया हुआ था।
300 से अधिक लोग हुए बेघर, पुलिस जुटी सेवा में
आग की घटना के बाद 300 से अधिक लोग सड़क पर आ गए हैं। सभी का कबाड़ का लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया है। थाना फेस थ्री पुलिस इन लोगों की सेवा में जुट गई है। थाना प्रभारी जितेन्द्र दीक्षित ने बताया कि लोगों को खाने पीने का सामग्री महैया कराई गई है। रात के समय ये लोग खुले आसमान के नीचे न सोएं इसका इंतजाम किया जा रहा है।
करीब 1600 झुग्गियां हैं यहां, देते हैं दो हजार रुपए प्रतिमाह
सेक्टर 65 के निकट बहलोलपुर में खाली पड़ी जमीन बहलोलपुर के रहने वाले कुछ लोगों की हैं। इन लोगों ने बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के रहने वालों को दो हजार रुपए प्रति माह किराए पर जमीन दी हुई है। सभी कबाड़ का काम करते हैंं और झुग्गियों में रहते हैं। घटना के बाद से दूसरी झुग्गियों में रहने वाले लोग भी डरे और सहमे हुए हैं।
0 Response to "मां की आंखों के सामने राख हुई दो बेटियां:घर में आग लगने से दो सगी बहने हुई जलकर राख; पुलिस वालों से बचाने की गुहार लगाई मगर जवानों की हिम्मत भी जवाब दे गई । ADHIKARO KI JUNG"
एक टिप्पणी भेजें